नाहन में टायर चोरी मामले में चिडाँवाली का 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 16 टायर बरामद
नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों में पार्क की गई गाड़ियों के टायर चोरी करने वाले मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने चार अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपी अभिमन्यु उम्र 22 वर्ष पुत्र स्व. अनिल कुमार,निवासी चिरावाड़ी मोहल्ला, नाहन को गिरफ्तार किया है।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन 30 जुलाई, 2026 :
नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों में पार्क की गई गाड़ियों के टायर चोरी करने वाले मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने चार अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपी अभिमन्यु उम्र 22 वर्ष पुत्र स्व. अनिल कुमार,निवासी चिरावाड़ी मोहल्ला, नाहन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी अभिमन्यु अत्यंत सुनियोजित तरीके से रात्रि के समय सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों को अपना निशाना बनाता था। वह कार के चारों टायर एवं रिम/अलॉय व्हील खोलकर चोरी कर लेता था। चोरी किए गए टायरों को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में लादकर चंडीगढ़ स्थित मोटर मार्केट, मनीमाजरा ले जाता था। आरोपी वहां दुकानदारों को यह झूठी कहानी बताता था कि उसकी कार में लगे अलॉय व्हील आरसी के अनुरूप नहीं हैं, जिसके कारण पुलिस द्वारा लगभग ₹10,000 का चालान किया जा सकता है। वह कहता था कि उसने सेकेंड हैंड टायर खरीदे हैं और उन्हें अपनी कार में लगवाना चाहता है। इस बहाने वह चोरी किए गए टायर अपनी कार में लगवा लेता था तथा अपनी कार के पुराने टायर डिक्की में रख लेता था। इसके बाद वह उन्हीं दुकानदारों से कहता था कि पुराने टायर अब उसके किसी काम के नहीं हैं और यदि वे चाहें तो उन्हें खरीद सकते हैं। टायर अच्छी स्थिति में होने के कारण दुकानदार लालचवश उन्हें खरीद लेते थे। आरोपी ने चोरी किए गए टायर चार अलग-अलग दुकानों पर ₹8,000 से ₹11,500 तक की राशि में बेच दिए।
पुलिस ने बताया की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण किया। पता चला कि हर चोरी के अगले दिन आरोपी के खाते में मनीमाजरा की दुकानों से ऑनलाइन पैसे आए थे। साक्ष्य सामने आने पर आरोपी ने चारों चोरियों की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर मनीमाजरा की चार अलग-अलग दुकानों से चोरी किए गए 16 टायर (रिम और अलॉय व्हील सहित) बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के टायर 8 हजार से 11,500 रुपये में बेचता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चारों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?

