उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा से पहले बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क बढ़ाने की तैयारी
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा से पहले बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा
न्यूज़ एजेंसी - देहरादून 04-03-2026
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा से पहले बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दर्शन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। हालांकि विशेष पूजा के लिए शुल्क लिया जाता है, जो बीकेटीसी द्वारा पहले से निर्धारित किया गया है।
बीकेटीसी ने अब इस विशेष पूजा शुल्क में बढ़ोतरी की तैयारी की है। जल्द ही कमेटी की ओर से बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। अगर इस पर सहमति बनती है, तो आगामी यात्रा के दौरान विशेष पूजा के लिए शुल्क में बढ़ोतरी के फैसले पर मुहर लग सकती है।
बता दें कि इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 24 को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ धाम में अभी तक रुद्राभिषेक पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं के ग्रुप से 7,200 रुपए तक शुल्क लिया जाता है।
अभिषेक पूजा के लिए 9,500 रुपए, लघु रुद्राभिषेक पूजा के लिए 6,100 रुपए, षोडशोपचार पूजा के लिए 5,500 रुपए अष्टोपचार पूजा के लिए 950 रुपए , जबकि पूरे दिन की पूजा के लिए 28,600 रुपए निर्धारित हैं।
What's Your Reaction?



