यंगवार्ता न्यूज - चम्बा, 27 नवंबर :
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए साच पास सड़क मार्ग को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पांगी स्थित किलाड़ द्वारा प्रेषित रिपोर्ट में अवगत करवाया गया है कि साच पास में तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरना शुरू हो गया है, जिसके चलते सड़क पर बर्फ जमने तथा फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उपमंडलाधिकारी पांगी ने इन परिस्थितियों के दृष्टिगत पर्यटकों एवं यात्रियों को वर्तमान मौसम परिस्थितियों से अवगत करवाने तथा साच पास की ओर यात्रा करने से पहले सड़क एवं मौसम की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त करने संबंधी सार्वजनिक परामर्श जारी करने का भी आग्रह किया था।
उपायुक्त ने प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों एवं संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साच पास मार्ग को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चुराह को साच पास की ओर स्थित हिम पर्यटन स्थलों तक जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा वापस लिए जाने अथवा संशोधित किए जाने तक प्रभावी रहेंगे।