न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली 13-09-2026
BRICS शिखर सम्मेलन के मंच से जहां कूटनीति और वैश्विक मुद्दों पर मंथन हुआ, वहीं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन का एक बेहद अनोखा और दिल छू लेने वाला अंदाज देखने को मिला। अपने देश का पक्ष मजबूती से रखने के साथ-साथ पेजेश्कियन ने धर्म , संस्कृति और आस्था के प्रति गहरी श्रद्धा जताई। एक विशेष संवाद सत्र के दौरान उन्होंने हिंदू धर्मगुरु जगद्गुरु सतीशाचार्य से मुलाकात की और झुक कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस अप्रत्याशित क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया है।
इस खास आध्यात्मिक संवाद कार्यक्रम में धर्म संसद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर गोस्वामी सुशील जी महाराज और पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण भी उपस्थित रहे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने जगद्गुरु सतीशाचार्य से आत्मीय बातचीत की और फिर सनातन परंपरा का सम्मान करते हुए चरण स्पर्श किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईरानी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि दुनिया के सभी धर्मों और उनकी शिक्षाओं का मूल उद्देश्य न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करना और मानवता की रक्षा करना ही है।
सत्र के दौरान जगद्गुरु सतीशाचार्य ने सनातन संस्कृति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म इसलिए है क्योंकि यह किसी एक पंथ या मजहब की नहीं, बल्कि संपूर्ण धर्म की जय और समस्त प्राणियों में सद्भावना का उद्घोष करता है। यानी जिस भी जीव में प्राण हैं, उसके प्रति प्रेम और एकता का भाव रखना ही इसका मुख्य संदेश है। शिखर सम्मेलन से इतर राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कूटनीतिक मोर्चे पर भी सक्रियता दिखाई।
उन्होंने अबू धाबी के युवराज खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक की। पिछले कुछ महीनों में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद यह मुलाकात बेहद संवेदनशील मानी जा रही थी। ईरानी दूतावास ने इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्रीय स्थिरता और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक चर्चा हुई है।