टौंस नदी में समाई बोलेरो, चालक समेत अन्य लोगों की तलाश जारी, एसडीआरएफ और पुलिस राहत एवं खोज अभियान में जुटी
देहरादून जिले के थाना त्यूणी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। तहसील चकराता के सैंज और पाटन के बीच एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 से 200 फीट गहरी खाई में गिर गया और टौंस नदी में समा गया। हादसे के बाद से चालक सहित संभावित अन्य लोगों की तलाश जारी है
देहरादून 19 मई 2026
देहरादून जिले के थाना त्यूणी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। तहसील चकराता के सैंज और पाटन के बीच एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 से 200 फीट गहरी खाई में गिर गया और टौंस नदी में समा गया। हादसे के बाद से चालक सहित संभावित अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से राहत एवं खोज अभियान में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे मिनस बैरियर पर तैनात कर्मचारी आकाश ने पुलिस को सूचना दी कि सैंज-पाटन मार्ग पर एक बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना त्यूणी प्रभारी निरीक्षक अश्वनी बलूनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को भी तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। क्षेत्राधिकारी विकासनगर विवेक कोठियाल ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान बोलेरो नंबर HP85AA-0548 के रूप में हुई। वाहन को हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के कमरऊ तहसील अंतर्गत ग्राम चियोग निवासी 45 वर्षीय खुशीराम चला रहे थे। बताया जा रहा है कि वह पेशे से ठेकेदार थे और मंगलवार सुबह अपने घर से चौपाल-मड़ोग की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सैंज-पाटन के पास वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। आशंका जताई जा रही है कि बोलेरो में चालक के अलावा कुछ मजदूर भी सवार हो सकते हैं, हालांकि देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नदी के पानी में तेल की परत दिखाई दी, जिससे वाहन के टौंस नदी में गिरने की पुष्टि हुई है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग लगातार नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?



