सूरजपुर में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, चालक की मौत
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के सूरजपुर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
यंगवार्ता न्यूज - पांवटा साहिब 16 नवंबर :
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के सूरजपुर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे सूरजपुर निवासी विनय गोयल अपने घर के बाहर NH-07 के पास टहल रहे थे। इसी दौरान माजरा की ओर से पांवटा साहिब की तरफ जा रहे ट्रक नंबर HP17B-8059 को पीछे से मोटरसाइकिल नंबर UP61BV-3351 ने टक्कर मार दी।
हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जेसी जुनेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्साधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र हरबिन्द निवासी गाजीपुर कुसुम्पटी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता विनय गोयल के अनुसार, यह हादसा मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में इस संबंध में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
