रोड़ा में 3.50 करोड़ रुपये से बनेगा वीर सैनिक सामुदायिक भवन

 उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस भवन में सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

Nov 15, 2026 - 17:53
 0  2
रोड़ा में 3.50 करोड़ रुपये से बनेगा वीर सैनिक सामुदायिक भवन
यंगवार्ता न्यूज - ऊना, 15 नवम्बर : 
 उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस भवन में सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सैनिक सामुदायिक भवन का निर्माण सैनिकों के सम्मान और उनके योगदान को समर्पित होगा। भवन का निर्माण सैनिकों और पूर्व सैनिकों की राय तथा उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन के साथ एक भव्य परिसर विकसित किया जाएगा, जिसमें पार्किंग सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सैनिकों की सलाह के अनुसार यहां सेना में विशिष्ट योगदान देने वाले वीर सैनिकों के नाम अंकित करने, स्मृति पट्टिकाएं लगाने और सैनिक दिवस जैसे आयोजनों के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी विचार किया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रोड़ा से रामपुर पुल होते हुए रेस्ट हाउस तक के क्षेत्र को विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।  उन्होंने बताया कि यहां 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक  ट्रैक बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेना और पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को सुरक्षित अभ्यास स्थल उपलब्ध करवाना है। सड़क पर दौड़ने के बजाय युवा इस ट्रैक पर अपनी तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ट्रैक मार्च-अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके अतिरिक्त 13.50 करोड़ रुपये की लागत से मेला मैदान का निर्माण भी किया जा रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे सामुदायिक भवन के निर्माण और परिसर के विकास के लिए अपने सुझाव दें। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उनकी जरूरतों और सुझावों के अनुरूप इस परिसर को विकसित किया जाएगा। उन्होंने सैनिकों से कहा कि उन्हें अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए भी उनसे सीधे संपर्क करना चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री की ओर से वीर सैनिक सामुदायिक भवन के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री के जाने के बाद उनका सब कुछ जनता को समर्पित है। सैनिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए जो भी आवश्यक होगा, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जिला सैनिक लीग की ओर से अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सामुदायिक भवन की सौगात देने तथा हरोली में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका धन्यवाद किया। कार्यक्रम में लीग के वाइस चेयरमैन लेफ्टिनेंट एसपी शर्मा और सीनियर वाइस चेयरमैन आरके शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी, कर्नल टीएस जसवाल, कर्नल रघुवीर सिंह, कर्नल ढडवाल, कर्नल मोहन राय, कर्नल सतदेव, लेफ्टिनेंट कर्नल एसके कालिया, एससी शर्मा सहित सेना के विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके अधिकारी, लीग के सदस्य और उनके परिजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री,  जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, राज्य परिवहन पदार्कोण के सदस्य अशोक ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर,ब्लॉक कांग्रेस के महासचिव दिनेश शर्मा, धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी, लोअर पंजावर के प्रधान प्रमोद कुमार, पंचायत समिति सदस्य मधु धीमान,कांग्रेस एससी सेल की हरोली ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता बग्गा सहित अन्य पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />