युवा मीडिया छात्र देश और समाज के विकास में निभाएं सकारात्मक भूमिका : राजीव जेटली
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एनयूजेआई और मीडिया संस्थान का संयुक्त आयोजन, राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने मीडिया विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण दिलवाने की घोषणा की; पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी बोले, छात्र का पहला धर्म पढ़ना और निरंतर सीखना।
यंगवार्ता न्यूज - कुरुक्षेत्र 16 नवंबर :
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एनयूजेआई और मीडिया संस्थान का संयुक्त आयोजन, राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने मीडिया विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण दिलवाने की घोषणा की; पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी बोले, छात्र का पहला धर्म पढ़ना और निरंतर सीखना।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता के सामने जहां नई संभावनाएं उभर रही हैं, वहीं खबरों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सत्यता बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) और इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने युवा मीडिया विद्यार्थियों से देश और समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण दिलवाने की घोषणा की। एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रास बिहारी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई और निरंतर सीखने का संदेश दिया। देखिए यह विशेष रिपोर्ट।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का मुख्य विषय 'एआई के दौर में पत्रकारिता चुनौतियों से निपटना और सत्य को बनाए रखना' रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने युवा मीडिया विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। युवा पत्रकारों को बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखना चाहिए और अपनी प्रतिभा तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से देश एवं समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।
मीडिया विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण घोषणा एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने की। उन्होंने कहा कि नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) मीडिया क्षेत्र में आने वाली नई पीढ़ी को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें व्यावहारिक पत्रकारिता से भी जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है।
इसी उद्देश्य से एनयूजेआई की ओर से मीडिया विद्यार्थियों को विभिन्न मीडिया संस्थानों और प्रतिष्ठानों में औद्योगिक प्रशिक्षण यानी इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग दिलवाने की पहल की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को समाचार संकलन, संपादन, प्रसारण और मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिल सके।
वहीं एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रास बिहारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पढ़ना और निरंतर सीखना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अभी से किसी पद, प्रतिष्ठा अथवा अन्य आकर्षण के पीछे भागने के बजाय अपने ज्ञान और क्षमता को विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए। अध्ययन, अनुशासन और सीखने की ललक ही उन्हें भविष्य में एक सफल, जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकार बनाएगी।
उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को तथ्यों की गहराई तक पहुंचने, सवाल पूछने और हर परिस्थिति में सत्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान एआई और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रणेश राणा ने अपने विचार रखते हुए सवाल उठाया कि क्या आज के दौर में समाज को वास्तव में इतनी तेज जीवनशैली की आवश्यकता है उन्होंने तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता की मूल भावना पर विचार करने की आवश्यकता बताई।
वहीं गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग के प्रोफेसर विक्रम कौशिक ने विशेष तकनीकी सत्र में एआई के पत्रकारिता पर पड़ने वाले प्रभावों, नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और खबरों की प्रामाणिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
संस्थान की निदेशक प्रोफेसर बिंदु शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मीडिया और समाचार उद्योग में तेजी से अपनी जगह बना रहा है। ऐसे में पत्रकारों के सामने तकनीक के सही उपयोग के साथ खबरों की सत्यता और विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. कंवरदीप शर्मा ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस समारोह में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से लगभग 30 वरिष्ठ पत्रकारों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त संस्थान के उन पूर्व विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जो वर्तमान में विभिन्न मीडिया संस्थानों और समाचार माध्यमों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस अवसर पर एनयूजेआई के प्रबंध संपादक एवं मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक किंकर, हरियाणा संयोजक विपुल, हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स प्रदेश संगठन मंत्री व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गोपाल दत शर्मा ,सुमित शर्मा वशिष्ठ, एनयूजेआई की कार्यकारिणी सदस्य उषा पाहवा सहित विभिन्न राज्यों से आए पत्रकार इस मौका पर उपस्थित रहे। इसके अलावा संस्थान के शिक्षक डॉ. प्रदीप, डॉ. सतीश राणा, डॉ. रोशन, सचिन वर्मा, राकेश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
