यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 05-03-2025
गर्मियों के मौसम को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नाहन शहर में बढ़ती गर्मी के साथ पानी की मांग भी बढ़ जाती है। विभाग का कहना है कि शहर को रोजाना लाखों लीटर पानी की जरूरत पड़ती है, जिसे पूरा करने के लिए तीन प्रमुख पेयजल योजनाओं से सप्लाई की जा रही है। जल शक्ति विभाग नाहन के एसडीओ ई. रोशन लाल ने बताया कि नाहन शहर में गर्मियों के मौसम में पानी की मांग बढ़ना स्वाभाविक है।
सामान्य दिनों में शहर को प्रतिदिन करीब 45 लाख लीटर पानी की आवश्यकता रहती है, जबकि गर्मियों के दिनों में यह मांग बढ़कर लगभग 70 लाख लीटर तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि गर्मियों के मौसम में विभाग को पानी की राशनिंग भी करनी पड़ती है क्योंकि इस समय आगजनी की घटनाएं होने का भी अंदेशा रहता है और अग्निशमन विभाग को भी पानी की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने बताया कि नाहन शहर में पानी की आपूर्ति के लिए नेहरस्बार , बोगरिया घाट खैरी और गिरी उठाऊ पेयजल योजना ददाहू से नाहन में विभाग को प्राप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो रहा है और शहर में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है।
एसडीओ ने बताया कि अक्सर विभाग को यह शिकायत मिलती है कि लोग पीने के पानी से वाहनों की वॉशिंग करते हैं जो की उचित नहीं है। इसलिए उन्होंने शहरवासियों से पानी के संरक्षण को लेकर सहयोग की अपील की है। विभाग का कहना है कि गर्मियों के दौरान पानी का दुरुपयोग न करें ताकि सभी क्षेत्रों में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।