चियोग स्कूल बना अंडर-14 प्रतियोगिता का ओवरऑल विजेता, कबड्डी और वॉलीबाल में हासिल किया प्रथम स्थान
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर में संपन हुई खंड स्तरीय छात्र वर्ग की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिताओं में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने बताया कि विद्यालय की टीम ने कबड्डी और वॉलीबाल में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि योग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शिमला 11 सितंबर, 2026 :

विद्यालय में छात्रा खिलाड़ियों के पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन समिति, स्थानीय लोगों, शिक्षक वर्ग तथा विद्यार्थियों ने उनका फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया और शानदार उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार शर्मा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षिका कौशल्या वर्मा तथा शारीरिक शिक्षक रमेश वर्मा को देते हुए छात्राओं, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।
इस उपलब्धि की खुशी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने ट्रॉफियों के साथ पूरे बाजार में विजय रैली निकाली। बाजारवासियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनका जोरदार स्वागत किया। रैली के विद्यालय परिसर में पहुंचने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक नृत्य कर जीत का जश्न मनाया तथा सभी को मिठाइयां बांटी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा अभिभावक उपस्थित रहे और सभी ने खिलाड़ियों की शानदार सफलता पर खुशी जताई।
What's Your Reaction?