ऐतिहासिक नाहन शहर में निर्जला एकादशी पर विभिन्न स्थानों पर लगाई गई छबील
आज ज्येष्ठ मास की पावन निर्जला एकादशी के अवसर पर ऐतिहासिक नाहन शहर में श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा छबील लगाई गई, जहां लोगों को ठंडा पानी, शरबत और अन्य शीतल पेय वितरित किए गए।
डॉ वाई एस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के परिसर में भी आज कर्मचारियों द्वारा छबील लगाई गई जहां मेडिकल कॉलेज पहुंचे लोगों को ठंडा पानी और शरबत वितरित किया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के कर्मचारी नवीन ठाकुर ने बताया कि निर्जला एकादशी एक बेहद शुभ दिन माना जाता है और आज के दिन मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों द्वारा छबील लगाने का निर्णय लिया गया था जहां लोगों को ठंडा पानी और शरबत दिया जा रहा है।
निर्जला एकादशी के महत्व के बारे में ऐतिहासिक शिव मंदिर रानीताल के पुजारी पंडित काकू राम शर्मा ने बताया कि हिंदू धर्म में ज्येष्ठ मास की निर्जला एकादशी को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। जो लोग वर्षभर की 24 एकादशियों का व्रत नहीं कर पाते, उन्हें इस निर्जला एकादशी का व्रत करने से सभी एकादशियों के व्रत के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।उन्होंने कहा कि आज के दिन जल, फल, वस्त्र और अन्य शीतल वस्तुओं का दान विशेष फलदायी होता है।
What's Your Reaction?




