कोचिंग के अभ्यर्थियों को मुफ्त आवास उपलब्ध करवाएंगें खुश विक्रम सेन

प्रथम पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा में 27 जुलाई से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती की निःशुल्क कोचिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने निःशुल्क आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

Jul 23, 2026 - 14:19
 0  6
कोचिंग के अभ्यर्थियों को मुफ्त आवास उपलब्ध करवाएंगें खुश विक्रम सेन

यंगवार्ता न्यूज शिमला, 23 जुलाई, 2026 : 


प्रथम पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा में 27 जुलाई से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती की निःशुल्क कोचिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने निःशुल्क आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की है।


मीडिया को जारी बयान में खुश विक्रम सेन ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली युवा आर्थिक तंगी के कारण निजी संस्थानों में कोचिंग नहीं ले पाते। ऐसे में पुलिस विभाग द्वारा शुरू की गई यह निःशुल्क कोचिंग योजना विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद युवाओं के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगी।


उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं और सभी के लिए पंुलिस बटालियन में पर्याप्त आवास व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे में वह पुलिस विभाग को हरसंभव सहयोग देंगे, ताकि सभी अभ्यर्थियों को रहने की बेहतर सुविधा मिल सके और अच्छे वातावरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं और सरकार को इस दिशा में ऐसे सार्थक प्रयास लगातार जारी रखने चाहिए।


प्रथम पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के कमांडेंट भूपेन्द्र नेगी ने युवाओं के लिए निःशुल्क आवास उपलब्ध कराने की घोषणा पर जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कोचिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 590 से बढ़कर 615 हो गई है, जिनमें 414 पुरुष तथा 201 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। कमांडेंट ने बताया कि 26 जुलाई को सभी अभ्यर्थियों की जॉइनिंग करवाई जाएगी, जबकि 27 जुलाई से एक माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग की ओर से निःशुल्क भोजन एवं रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराया जाएगा।


उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण में अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती प्रक्रिया, पात्रता शर्तों, शारीरिक दक्षता परीक्षा ,शारीरिक मानक परीक्षा , लिखित परीक्षा की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन तथा पुलिस सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वह भर्ती परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow