यंगवार्ता न्यूज़ - मण्डी 03-08-2025
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्र में आने के लिए और आपदा प्रभावितों के लिए रेड क्रॉस के द्वारा सहायता भेजने के लिए राज्यपाल का आभार जताया। उन्होंने कुछ दिन पहले राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ शिकारी देवी की यात्रा की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि प्रकृति की खूबसूरती देखकर राज्यपाल महोदय ने कहा था कि यह इलाका पर्यटन के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। भविष्य में यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। हमने भी इस इलाके को सजाने संवारने में अपना जीवन गुजार दिया। लेकिन एक ही रात में हमारे सालों की मेहनत बर्बाद हो गई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे लोगों का जीवन चला गया, घर चले गए, पशुधन चला गया, बाग बगीचे चले गए, खेत खलियान चले गए। हमारे हृदय में इस त्रासदी की जो पीड़ा है उसे बयां करने के लिए शब्द नहीं है।
बस हम इतना जानते हैं की हमें इन परिस्थितियों से पार पाना है। सर्दियों के पहले लोगों के लिए अस्थाई लेकिन मजबूत ठिकाना बनाना है। 500 से ज्यादा घर पूरी तरह से बह गए हैं, 1000 से ज्यादा घर अब रहने लायक नहीं बचे, हजार से ज्यादा गौशालाएं और पशुधन इस त्रासदी ने हमसे छीन लिए। पूरे इलाके में पेयजल की जो भी सुविधाएं हैं वह अस्थाई हैं, सड़कें भी अस्थाई तौर पर ही खोली जा सकी है। कल जब बारिश का मौसम खत्म होगा तो लोगों तक कहां से पानी पहुंचेगा। उठाऊ पेयजल योजनाएं पूरी तरीके से ध्वस्त हो गई हैं। उन्होंने कहा की आपदा के समय लोगों ने हमारी भरपूर मदद की है उसके लिए सभी का हृदय से आभार। अब हमारा ध्यान पूरी तरीके से पुनर्वास की योजनाओं को क्रियान्वित करने पर है।
सभी विषयों को लेकर मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, ऊर्जा तथा शहरी एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर, जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मैंने मुलाकात की और उन्हें आपदा प्रभावित क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। अपनी विदेश यात्रा से आते ही उन्होंने मुलाकात के लिए समय दिया। प्रधानमंत्री ने विस्तार से नुकसान का ब्यौरा लिया और हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की सरकार तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए सरकार बार-बार पत्रकारों पर मुकदमे लाद रही है। कोई भी बात सरकार को ठीक ना लगे तो सरकार उसे सुधारने की बजाय पत्रकारों पर सीधे मुकदमे लाद कर उन्हें डराना चाहती है। सरकार का यह तानाशाही पूर्ण रवैया ठीक नहीं है। इस तरीके से सरकार और सिस्टम को आईना दिखाने वाले लोगों पर बार-बार मुकदमा करके सरकार अपनी नाकामी नहीं छुपा सकती है। इस मामले में मुख्यमंत्री को दखल देना चाहिए।