राजीव और मनमोहन के समय नहीं होते थे पेपर लीक', NEET विवाद पर CM सुक्खू का मोदी सरकार पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भाजपा कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसे पेपर के लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर हुई इस लापरवाही से देश के लाखों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है
यंगवार्ता न्यूज शिमला 20 जून, 2026 :
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भाजपा कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसे पेपर के लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर हुई इस लापरवाही से देश के लाखों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी व डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए कभी भी पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने नहीं आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार के समय अधीनस्थ चयन बोर्ड हमीरपुर पेपर लीक का अड्डा बन गया था, जहां से पुलिस भर्ती जैसे पेपर लीक हुए। इसी तरह चयन बोर्ड से पेपर को बेचा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने इसकी कोई जांच नहीं करवाई। बाद में कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद चयन बोर्ड को भंग किया तथा पेपर बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नीट पेपर देने वालों को नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण परेशान युवाओं को सरकार राहत देना चाहती है, ताकि वह तनाव मुक्त होकर परीक्षा स्थल पर पहुंच सके।
What's Your Reaction?




