मुख्यमंत्री की विद्यार्थियों को सीख, ‘भविष्य को लेकर निडर होकर करें फैसले’
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज जिला चम्बा के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तीसा के विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान जीवन में बेहतर करने के लिए उनका हौंसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने 12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना के एक सवाल के जवाब में कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निडर होकर फैसले लेने चाहिए।
यंगवार्ता न्यूज - चम्बा 5 नवंबर :
बारहवीं कक्षा की छात्रा मोनिका ने नशे की रोकथाम के लिए सरकार के प्रयासों के बारे में जानकारी हासिल की। इसी विद्यालय की छात्रा मुस्कान ने राजकीय विद्यालय में बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध करवाने के बारे में विस्तार से बात की, जबकि एक अन्य छात्रा जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर मोड़ पर आएंगी, लेकिन जो व्यक्ति बिना डरे सही समय पर सही फैसला लेता है, वही इतिहास रचता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने छात्रों की मांग पर बैरागढ़ स्कूल में लैब तथा अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व, विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
What's Your Reaction?

