केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री का शिमला दौरा, बजट संवाद और प्रबुद्ध जन संगोष्ठी में करेंगे सहभागिता : संजीव कटवाल
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के हिमाचल प्रदेश प्रवास कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री 8 फरवरी 2026 को शिमला प्रवास पर रहेंगे
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 07-02-2026
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के हिमाचल प्रदेश प्रवास कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री 8 फरवरी 2026 को शिमला प्रवास पर रहेंगे, जहां वे बजट 2026-27 पर आधारित संवाद कार्यक्रम, प्रेस वार्ता और प्रबुद्ध जन संगोष्ठी में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि यह दौरा सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन विकास और विकसित भारत के विजन को लेकर महत्वपूर्ण रहेगा। संजीव कटवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री 7 फरवरी की रात्रि नई दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा चंडीगढ़ पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम चंडीगढ़ में करेंगे। 8 फरवरी को प्रातः 7:45 बजे चंडीगढ़ से सड़क मार्ग द्वारा शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 10:45 बजे छोटा शिमला स्थित सीटीओ चौक पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रातः 11:00 बजे से 11:45 बजे तक गुफा आशियाना, मॉल रोड शिमला में केंद्रीय मंत्री द्वारा बजट 2026-27 पर प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस संवाद में बजट के प्रमुख प्रावधानों, पर्यटन, संस्कृति, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों को रखा जाएगा।
इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री 11:45 बजे गुफा आशियाना से पार्टी कार्यालय दीपकमल, चक्कर के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 12:15 बजे वहां पहुंचेंगे। 12:15 बजे से 1:00 बजे तक वे प्रबुद्ध जन संगोष्ठी में सहभागिता करेंगे, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यालय में दोपहर भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है।
संजीव कटवाल ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे केंद्रीय मंत्री शिमला से चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 4:45 बजे चंडीगढ़ हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से सायं हवाई मार्ग द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का यह दौरा प्रदेश में संस्कृति और पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को नई गति देने के साथ-साथ बजट के माध्यम से विकास के अवसरों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्टी संगठन द्वारा सभी कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
What's Your Reaction?

