कॉकरोच' के ख़ौफ़ से डरी केंद्र सरकार बोले कुलदीप राठौर,अहंकार और ओवर कॉन्फिडेंस में डूबी भाजपा की अंतर्कलह जगजाहिर
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' अभियान और भारतीय जनता पार्टी के नेताओ द्वारा अपने नेताओं के खिलाफ दिए गए बयान और भीतर मचे आंतरिक घमासान को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार व प्रदेश भाजपा संगठन पर बड़ा हमला बोला है
शिमला 22 मई, 2026 :
विओ :कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने सोशल मीडिया पर चल रहे इस ट्रेंड को युवाओं की मजबूरी और गुस्से की अभिव्यक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के पास अपनी बात रखने के लिए कोई दूसरा मंच नहीं बचा था, जिसके कारण उन्होंने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा लिया है। इस अभियान से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल को बंद किए जाने पर राठौर ने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि केंद्र सरकार इस युवा एकजुटता से पूरी तरह डरी हुई है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि युवाओं की इस प्रतिक्रिया के आने वाले समय में बेहद गंभीर और दूरगामी राजनीतिक परिणाम होंगे। यह आक्रोश बेरोजगारी और पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली सरकारी नीतियों का नतीजा है।
नेपाल के हालिया घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज के युग में सोशल मीडिया की भूमिका निर्णायक है और पड़ोसी देश में जो हुआ, उसका प्रभाव भारतीय युवाओं पर भी साफ दिख रहा है। राहुल गांधी लगातार इन मुद्दों को उठा रहे हैं, जिसका असर अब जमीन पर दिख रहा है। इसके साथ ही कुलदीप राठौर ने पूर्व भाजपा मंत्री के एक हालिया बयान का हवाला देते हुए भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस वक्त अत्यधिक आत्मविश्वास का शिकार है और उन्हें गलतफहमी है कि सत्ता उन्हें मिलने वाली है।
राठौर ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री के नेतृत्व को लेकर जो खींचतान और अंतर्कलह चल रही है, वह अब पूरी तरह से जगजाहिर हो चुकी है। भाजपा की इसी आपसी लड़ाई और कमजोर प्रदर्शन का नतीजा है कि हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतरीन और बेहद शानदार रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2029 के आम चुनावों से पहले देश को जानबूझकर गैर-जरूरी मुद्दों में उलझाकर धर्म, जाति और लिंग के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज मीडिया से लेकर चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्थाओं को प्रभावित किया जा रहा है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। लेकिन अब युवाओं को दबाने के प्रयास की इंतहा हो चुकी है, और आने वाले समय में देश की राजनीति करवट लेने वाली है।
What's Your Reaction?



