यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 15-09-2026
धौला कुआं अनाज मंडी को बंद करने के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के आरोपों पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने पलटवार करते हुए इसे बेवजह भ्रम फैलाने की राजनीति करार दिया है। सोलंकी ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं किया जा रहा है और धौला कुआं में किसानों के लिए अनाज खरीद केंद्र स्थापित रहेगा। उन्होंने कहा कि फसल बेचने का समय आने से पहले किसानों के लिए उचित स्थान पर खरीद की पूरी व्यवस्था कर ली जाएगी। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि जिस जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह कृषि विज्ञान केंद्र की है।
कृषि विज्ञान केंद्र के अपने निर्धारित मानक और आवश्यकताएं हैं। यदि इस जमीन को अनाज खरीद मंडी के लिए स्थायी रूप से दे दिया जाता है तो कृषि विज्ञान केंद्र के संचालन पर ही संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले पर गंभीरता से चिंतन किया गया है और एपीएमसी के माध्यम से आसपास कृषि विभाग की जमीन की तलाश की गई है। इस संबंध में एपीएमसी की ओर से प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है और जल्द ही उचित स्थान का चयन कर वहां अनाज खरीद केंद्र स्थापित किया जाएगा। सोलंकी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को किसानों के हितों की चिंता है तो उन्हें तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए, न कि किसानों को गुमराह करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में भी भाजपा सरकार के समय कुछ अवधि के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की जमीन अनाज खरीद केंद्र के लिए ली गई थी।
उस समय भी यह कहा गया था कि जल्द ही दूसरी जगह तलाश कर स्थायी खरीद केंद्र बनाया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद मौजूदा स्थान पर पोर्टेबल ढांचा खड़ा कर किसानों की उपज की खरीद की जाती रही। विधायक ने कहा कि डॉ. बिंदल यह भी नहीं बता रहे हैं कि प्रदेश सरकार धौला कुआं में कृषि महाविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में कृषि विज्ञान केंद्र की जमीन को अनाज मंडी के लिए स्थायी रूप से इस्तेमाल करने का फैसला किसानों और कृषि क्षेत्र के व्यापक हितों के खिलाफ हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा नेता किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और दूसरी ओर सरकार की ओर से कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की अनदेखी कर रहे हैं। अजय सोलंकी ने कहा कि किसानों की फसल की खरीद किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होगी।
खरीद केंद्र बंद करने का कोई सवाल ही नहीं है, बल्कि किसानों के लिए उससे बेहतर और उचित स्थान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि फसल मंडी में आने तक उपयुक्त जमीन का चयन कर खरीद केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाएगी, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। सोलंकी ने डॉ. राजीव बिंदल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका काम लोगों को गुमराह करना रह गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर घटिया राजनीति करने के बजाय भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार से किसानों के लिए बेहतर योजनाएं और सुविधाएं दिलाने के प्रयास करने चाहिए।
प्रदेश सरकार किसानों के हित में जो काम कर रही है, उसमें सहयोग करना चाहिए, न कि हर विषय पर भ्रम पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि धौला कुआं में किसानों के लिए अनाज खरीद की व्यवस्था जारी रहेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और फसल खरीद शुरू होने से पहले उचित स्थान पर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे।