कफोटा -कोटि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, समाजसेवी नाथूराम चौहान ने उठाए सवाल
समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथू राम चौहान ने कफोटा -कोटि सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 29.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर करीब 28 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
यंगवार्ता न्यूज , शिलाई, -04 जून, 2026 :
समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथू राम चौहान ने कफोटा -कोटि सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 29.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर करीब 28 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
नाथू राम चौहान ने कहा कि यह सड़क हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर न तो उचित कटिंग की गई, न ही एफडीआर, लेवलिंग और टायरिंग का कार्य मानकों के अनुरूप हुआ है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत “खोदा पहाड़ निकली चुहिया” जैसी बनी हुई है।
उन्होंने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी विफलताओं में से एक साबित हो रहा है। चौहान ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
साथ ही उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतें किए जाने के बावजूद विभाग द्वारा न तो जांच करवाई गई और न ही सड़क की खामियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।
नाथू राम चौहान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि जनता अपने टैक्स के पैसे के दुरुपयोग और बेहतर सड़क सुविधा के अधिकार को लेकर आवाज उठाएगी।
What's Your Reaction?



