पंचायती राज चुनाव के दौरान कथित उगाही के आरोप, ग्रामीणों ने पुलिस में दी शिकायत
सिरमौर जिले में पंचायती राज चुनाव के दौरान कुछ कथित पत्रकारों की गतिविधियों को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हरियाणा से आए कुछ लोगों ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए प्रधान और उपप्रधान पद के उम्मीदवारों से इंटरव्यू, प्रचार और कवरेज के नाम पर धनराशि ली
नाहन 31 मई, 2026 :
सिरमौर जिले में पंचायती राज चुनाव के दौरान कुछ कथित पत्रकारों की गतिविधियों को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हरियाणा से आए कुछ लोगों ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए प्रधान और उपप्रधान पद के उम्मीदवारों से इंटरव्यू, प्रचार और कवरेज के नाम पर धनराशि ली। साथ ही चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बधाई संदेश और समाचार कवरेज के लिए भी पैसों की मांग किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार कई प्रत्याशी और स्थानीय लोग इस तरह की मांगों से परेशान हैं, हालांकि अधिकांश लोग खुलकर सामने आने से बच रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि चुनाव के दौरान और उसके बाद विभिन्न माध्यमों से धन की मांग किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि पँजाहल क्षेत्र में एक इंटरव्यू के बाद भुगतान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान एक किसान, जो अपने खेत में जेसीबी से कार्य करवा रहा था, को भी कथित रूप से धमकाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जमटा क्षेत्र में संबंधित लोगों का घेराव किया और बाद में थाना सदर नाहन पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित लोग एक काले रंग के वाहन में आए थे, जिस पर "Press On Duty" लिखा हुआ था। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि जिन लोगों से धनराशि ली गई, उन्हें रसीदें भी प्रदान की गईं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस मामले में कुछ स्थानीय व्यक्तियों की भी भूमिका हो सकती है। उनका कहना है कि जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि कितने लोगों से और किन परिस्थितियों में धन लिया गया।
फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?


