राज्यपाल ने वीरभद्र सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 93वीं जयंती के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माण एवं विकास में अतुलनीय योगदान रहा है

Jun 23, 2026 - 19:54
 0  5
राज्यपाल ने वीरभद्र सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

यंगवार्ता न्यूज शिमला 23 जून, 2026 :


राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 93वीं जयंती के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माण एवं विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच, दृढ़ नेतृत्व एवं जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है।


राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में वीरभद्र सिंह एक अत्यंत सम्मानित और प्रभावशाली व्यक्तित्व रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उनके लंबे एवं सफल कार्यकाल ने राज्य के विकास को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त हुआ।


कवीन्द्र गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का सार्वजनिक जीवन, नेतृत्व क्षमता तथा जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों एवं मार्गदर्शन को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow