विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ दियोटसिद्ध में अब बिना जेब वाले कपड़े पहन कर्मचारी करेंगे चढ़ावे की गणना

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद देशभर के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी चढ़ावा गणना से लेकर भेंट, राशन और बकरा नीलामी तक की पूरी व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

Jul 9, 2026 - 13:10
 0  3
विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ दियोटसिद्ध में अब बिना जेब वाले कपड़े पहन कर्मचारी करेंगे चढ़ावे की गणना
यंगवार्ता न्यूज हमीरपुर 9 जुलाई, 2026 : 

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद देशभर के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी चढ़ावा गणना से लेकर भेंट, राशन और बकरा नीलामी तक की पूरी व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। अब चढ़ावे की गणना करने वाले कर्मचारी बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे। सीसीटीवी फुटेज अब 15 दिन के बजाय 45 दिन तक सुरक्षित रखी जाएगी। मंदिर परिसर की लाइव निगरानी डीसी हमीरपुर कार्यालय से होगी।

मंदिर ट्रस्ट ने चढ़ावे की गणना और उसके प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। मंदिर में पिछले वर्ष चढ़ावा गणना में सामने आई गड़बड़ी और हाल में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट ने निगरानी तंत्र को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी और उन्हें अत्याधुनिक बनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट कमिश्नर एवं डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ अपने कार्यालय से पूरे निगरानी तंत्र पर नजर रख सकेंगी। ट्रस्ट केवल नकद चढ़ावे तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाबा को चढ़ाए जाने वाले सोना-चांदी, राशन और अन्य भेंट सामग्री का भी डिजिटल इन्वेंटरी सिस्टम तैयार किया जाएगा।

मंदिर में दान पेटियां मंदिर अधिकारी की निगरानी में ट्रस्ट चेयरमैन की ओर से गठित समिति की मौजूदगी में प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को खोली जाती हैं। समिति सीसीटीवी निगरानी में नकदी को गणना कक्ष तक पहुंचाती है, जहां नोटों के बंडल तैयार किए जाते हैं। अब सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि गणना पूरी होते ही बैंक के कर्मचारी उसी समय नकदी लेकर बैंक ले जाएंगे। पहले यह प्रक्रिया अगले दिन होती थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow