स्वस्थ महिला से ही सशक्त परिवार का होगा निर्माण : डॉ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि जब प्रदेश की हर महिला स्वस्थ होगी तभी हर एक परिवार सशक्त होगा और एक सशक्त समाज का निर्माण होगा

Sep 17, 2025 - 20:08
 0  21
स्वस्थ महिला से ही सशक्त परिवार का होगा निर्माण : डॉ. शांडिल
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

प्रदेश में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारम्भ, 02 अक्टूबर तक 8 लाख महिलाओं के स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     17-09-2025

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि जब प्रदेश की हर महिला स्वस्थ होगी तभी हर एक परिवार सशक्त होगा और एक सशक्त समाज का निर्माण होगा। डॉ. शांडिल आज यहां आईजीएमसी में आयोजित स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ के दौरान अपने विचार साझा कर रहे थे। 

15 दिवसीय स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के धार क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम से किया। डॉ. शांडिल ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही हमारी पूंजी है इसलिए समय-समय पर अपनी सेहत की जांच करवाते रहे ताकि हमारे परिवार स्वस्थ रहे और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। 

उन्होंने कहा कि आज के समय में कोई भी व्यक्ति किसी भी बीमारी का शिकार हो सकता है इसलिए स्वास्थ्य की नियमित जाँच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी इस अभियान को प्रदेश के हर कोने-कोने तक पहुँचाने का काम करें ताकि प्रदेश में हर एक परिवार को इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत दूर-दराज के क्षेत्र हैं जहाँ महिलाओं को भी काफी काम करना पड़ता है, जिससे उनकी सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।

मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप आज प्रदेश के हर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोले जा रहे हैं, जिसमें 6 विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है। 

सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एम. सुधा देवी ने बताया कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसमें प्रदेश की 8 लाख महिलाओं के स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की महिलाओं को जाँच हेतु स्वास्थ्य केंद्र तक लेकर आएंगी। 

प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन प्रदीप ठाकुर ने स्वागत सम्बोधन प्रस्तुत किया तथा निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बैरी ने धन्यवाद सम्बोधन प्रस्तुत किया। इससे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित एक नन्हे बालक का अन्नप्राशन कर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। 

कार्यक्रम में विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा, उपमहापौर नगर निगम शिमला उमा कौशल, निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (भारत सरकार) डॉ गोविन्द बंसल, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश शर्मा, प्रधानाचार्य आईजीएमसी डॉ सीता ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow