गिरी पेयजल योजना पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी से जनता न हो भ्रमित: अजय सोलंकी

विधायक अजय सोलंकी ने गिरी नदी आधारित पेयजल योजना को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और हालिया राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि भ्रम और सनसनी फैलाकर चर्चा में बने रहना।

Jun 22, 2026 - 12:41
 0  10
गिरी पेयजल योजना पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी से जनता न हो भ्रमित: अजय सोलंकी

यंगवार्ता न्यूज नाहन, 22 जून: 

विधायक अजय सोलंकी ने गिरी नदी आधारित पेयजल योजना को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और हालिया राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि भ्रम और सनसनी फैलाकर चर्चा में बने रहना।

जारी प्रेस बयान में अजय सोलंकी ने कहा कि हाल ही में गिरी नदी पेयजल योजना को लेकर कुछ भ्रामक बातें सामने आई हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि पिछले एक दिन के दौरान तकनीकी कारणों से एक ट्यूबल में समस्या उत्पन्न हुई थी। जल शक्ति विभाग ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 24 घंटे के भीतर इस समस्या का समाधान कर दिया और वर्तमान में नाहन क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी कई बार पाइपलाइनें और ट्यूबल प्रभावित हुए, लेकिन विभाग ने दिन-रात मेहनत कर योजनाओं को शीघ्र बहाल किया और लोगों को राहत पहुंचाई।

विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भी याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण यह महत्वपूर्ण पेयजल योजना क्षेत्र को प्राप्त हुई। विकास और जनहित से जुड़े ऐसे कार्य राजनीति से ऊपर होते हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। अजय सोलंकी ने कहा कि उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य जनता की सेवा है। समस्याओं का समाधान शांतिपूर्वक और प्रभावी तरीके से करना ही उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि आपदा और प्राकृतिक परिस्थितियों में अवसर तलाशकर राजनीति करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा नहीं है।

उन्होंने नाहन की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि गिरी नदी योजना में पर्याप्त ट्यूबल संचालित हैं, पानी की उपलब्धता सामान्य है और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहकर उनकी सुविधा सुनिश्चित करना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow