शिमला 31 मई, 2026 :
प्रदेश में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी अंधड़ के बीच बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, मंडी और धर्मशाला समेत कई जिलों में सुबह बारिश हुई, रोहतांग, धौलाधार और अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। बारिश और हिमपात के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
एक सप्ताह पूर्व प्रदेश के सबसे गर्म जिले ऊना का अधिकतम पारा 43 डिग्री पहुंच गया था जो शनिवार को 28.8 डिग्री तक लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। सिरमौर की छोगटाली और दीदग पंचायतों में ओलावृष्टि से फसलें तबाह हुई हैं। यहां ओले गिरने से तिरपालों में भी छेद हो गए। बर्फ की तरह ओलों के ढेर लग गए।
इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति के अलावा प्रदेश के शेष 10 जिलों में रविवार को बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 31 मई से 5 जून तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान है। ऊना जिले में गगरेट-दौलतपुर मुख्य मार्ग पर पड़ने वाली दियोली खड्ड उफान पर आ गई, जिससे वाहनों की आवाजाही थम गई।
इसी दौरान एक बाइक सवार ने उफनती खड्ड पार करने का प्रयास किया और बीच धारा में फंस गया। एक युवक ने खड्ड में उतरकर बाइक सवार को सुरक्षित निकाला। करीब तीन घंटे की मूसलाधार बारिश के कारण बद्दी-नालागढ़ फोरलेन समेत बद्दी-बरोटीवाला और बद्दी-साई मार्ग पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गए। सड़कों पर जलभराव इस कद्र था कि कई कारें आधे से ज्यादा पानी में डूब गईं। चंबा के सिहुंता, सलूणी, साहो और चुवाड़ी क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी हुई। बारिश से किसान और बागवानों के चेहरे खिले हैं।