फागू में अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज सिरमौर जिला के उपमंडल राजगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू में आयोजित हो रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

Sep 6, 2026 - 17:56
 0  29
फागू में अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 06 सितंबर : 


शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज सिरमौर जिला के उपमंडल राजगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू में आयोजित हो रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।


शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल और शिक्षा एक दूसरे के पूरक है। हिमाचल के खिलाड़ी अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।


शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और 1 स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स संचालित हैं, जिनमें कुल 368 बालक एवं बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों को सरकार की ओर से लॉजिंग, बोर्डिंग एवं प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। पहली बार 650 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (PETs) को खेल प्रशिक्षण के लिए भारत के प्रतिष्ठित SAI NSNIS, पटियाला केंद्र में भेजा गया।  मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना, जिसने अपने शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण विधियों तथा खेलों के नवीनतम नियमों और मानदंडों से अद्यतन कराने की पहल की। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के स्कूलों में खेल प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा खिलाड़ियों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीकों से प्रशिक्षित करना है।

 प्रदेश सरकार ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 3 नए स्पोर्ट्स होस्टल खिलाडियों को समर्पित किए है, जिसमें एक सिरमौर जिला के शिलाई में संचालित है।

 प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने अन्तरराष्ट्रीय खेल विजेताओं की सम्मान राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक तथा पैरालंपिक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 3 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये की गई है। रजत पदक विजेताओं को अब 2 करोड़ रुपये के स्थान पर 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये के स्थान पर 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों तथा पैरा एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि करते हुए इसे 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 करोड़ रुपये किया गया है, जबकि रजत पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये के स्थान पर 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 20 लाख रुपये के स्थान पर 1.50 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को तीन करोड़, रजत पदक विजेताओं को दो करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है।                                    

उन्होंने कहा कि प्रारम्भिक शिक्षा स्तर के खिलाड़ियों को प्रदेश में होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने पर 250 रुपये प्रतिदिन और अन्य सभी खिलाड़ियों को 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी के रूप में दिए जा रहे हैं। प्रदेश से बाहर आयोजित होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है तथा खेल छात्रावासों में रहने वाले खिलाड़ियों को 250 रुपये और प्रदेश के बाहर 400 रुपये डाइट मनी का प्रावधान किया गया है।


खिलाड़ियों को यात्रा सुविधा का भी लाभ दिया जा रहा है। राज्य के बाहर 200 किलोमीटर की दूरी तक खेल स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को एसी-3 टीयर किराया और इससे अधिक दूरी के स्थानों पर जाने के लिए इकोनोमिक क्लास फेयर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में खेल संरचना के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे बहुआयामी प्रयास निश्चित तौर पर प्रदेश को खेलों के क्षेत्र मेें अग्रणी राज्य बनाने में दूरगामी भूकिमा निभाएंगे।   


       शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 48 बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुए है। जिसमें 8 गोल्ड मेडल,11 सिल्वर मेडल तथा 29 ब्रोंज मेडल शामिल है। उन्होने कहा कि  इस वर्ष भी तीन राष्ट्रीय स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित किए जाएंगे  जोकि पिछले 10 वर्षो से आयोजित नहीं हो रहे थे।         

शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है, विद्यार्थी जीवन में सर्वांगीण विकास हो इस लक्ष्य के साथ प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक क्षेत्र में कई अहम निर्णय लिए है। प्रदेश सरकार के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए पूरी तरह से साक्षर राज्य बनने का लक्ष्य हासिल किया है। सुधारवादी निर्णयों के सकारात्मक परिणामों से प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से आगे बढ़कर शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों के 9 हजार पद भरे है तथा 6 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। इस प्रकार हमारी सरकार के कार्य काल में 15 हजार से अधिक शिक्षकों के पदो  को भरा जाएगा जोकि सरकार की वचनबद्धता को दर्शाता है। शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण पद्धतियों से अद्यतन रखने और उनके कोर्स पूरा करने के बाद उत्पन्न किसी भी ज्ञान-अंतर को दूर करने के लिए सरकार ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों के लिए इंडक्शन ट्रेनिंग आरंभ की है। इस कदम से शिक्षण क्षमता में वृद्धि होगी।


उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 87 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना और कई अन्य योजनाओं के तहत दो वर्षों में 92 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। बाल पोषण आहार योजना के तहत 15,181 स्कूलों के 5.34 लाख से अधिक छात्रों को पौष्टिक भोजन प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व विधान सभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए अपने विचार रखे।


शिक्षा मंत्री ने कहा कि  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू के भवन के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए गए है उन्होने लोक निर्माण विभाग से कार्य संबंधित जानकारी भी ली तथा सभी निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि 70 प्रतिशत कार्यों को इस वित्त वर्ष में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होने 15 हजार रुपए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियो को देने की घोषणा की।


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू के प्रधानाचार्य कमल किशोर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें सिरमौरी परिधान लोइया,टोपी,डांगरा व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में 08 जोन के 300 विद्यार्थी खिलाड़ी भाग ले रहे है। शिक्षा मंत्री ने अब तक पूर्ण हुई खेल प्रतियोगिताओ के विजेताओ को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री क्षेत्र वासियों की समस्याओं को भी सुना। इस अवसर पर उप निदेशक उच्च शिक्षा डाॅ  मदनलाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद परमार,जिला परिषद अध्यक्ष रीतू बाला, अध्यक्ष नगर पंचायत राजगढ विक्रम जेलदार, पद्मश्री विद्या नंद सरैक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="500" height="900" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />
src="https://sgp1.digitaloceanspaces.com/cdn.iqwing.co.in/uploads/Deeserve%20Media%202.2_.jpg" width="340" height="600" alt="Deeserve Media Poster" loading="lazy" />