KNH बचाने सड़क पर उतरीं महिलाएं: विरासत पर 'कब्जे' के आरोप, गायनी ओपीडी शिफ्ट करने के विरोध में खोला मोर्चा

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में ऐतिहासिक कमला नेहरू अस्पताल (KNH) की गाइनी ओपीडी को आईजीएमसी (IGMC) शिफ्ट करने के सरकार के निर्णय ने तूल पकड़ लिया

Apr 13, 2026 - 20:13
Apr 13, 2026 - 20:36
 0  45
KNH बचाने सड़क पर उतरीं महिलाएं: विरासत पर 'कब्जे' के आरोप, गायनी ओपीडी शिफ्ट करने के विरोध में खोला मोर्चा

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    13-04-2026

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में ऐतिहासिक कमला नेहरू अस्पताल (KNH) की गाइनी ओपीडी को आईजीएमसी (IGMC) शिफ्ट करने के सरकार के निर्णय ने तूल पकड़ लिया है। इस फैसले के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। 

सोमवार को अस्पताल के बाहर एकत्रित हुई महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी की और स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर इस 102 वर्ष पुरानी धरोहर को उजड़ने नहीं देंगी। समिति की महासचिव फल्मा चौहान ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन इस बेशकीमती भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण करना चाहता है। 

उन्होंने कहा "सरकार कह रही है कि एक महीने के अंदर अस्पताल खाली करो, और विरोध को देखते हुए आनन-फानन में 16 तारीख तक ओपीडी शिफ्ट करने के तुगलकी फरमान जारी कर दिए गए हैं। यह फैसला पूरी तरह से जनता विरोधी है।"KNH राज्य का इकलौता 'मदर एंड चाइल्ड' अस्पताल है जहां जच्चा-बच्चा को सारी सुविधाएं एक साथ मिलती हैं आईजीएमसी में पहले से ही मरीजों का भारी दबाव है। 

​उन्होंने कहा कि समिति का कहना है कि यदि सरकार महिलाओं को बेहतर सुविधा देना चाहती है, तो इसी भवन में रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक मशीनें लगाई जाएं, न कि इसे बंद किया जाए। फल्मा चौहान ने  कहा कि यह अस्पताल केवल एक इमारत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानी कमला नेहरू की यादों और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस ऐतिहासिक नाम और पहचान को मिटाने पर तुली है। महिला समिति ने प्रदेश की जनता और महिलाओं से इस निर्णय के खिलाफ लामबंद होने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow