यंगवार्ता न्यूज - नाहन 7 सितंबर :
देश के विकास में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक खास पहल की जा रही है। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर इस बार युवा दिवस को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए युवाओं से आवेदन आमंत्रित किया जा रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर माय युवा भारत सिरमौर की समन्वयक अमृषा शर्मा नाहन में आज मीडिया से बात कर रही थी।
मीडिया से बात करते हुए जिला समन्वयक अमृषा शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के युवा सेवा एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी को एक नए तौर पर मनाने के लिए इस कार्यक्रम को डिजाइन किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन आगामी 9 से 12 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। इस दौरान युवा अपने आइडिया को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अन्य मंत्रियों के साथ साझा कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा इस कार्यक्रम के लिए 15 से 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता और निबंध लेखन का आयोजन किया जाएगा। इसके आधार पर प्रतिभागियों का चयन आगे की प्रक्रिया के लिए किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। देश के विकास को लेकर कोई नया आइडिया या सोच रखने वाले युवाओं के लिए यह एक बड़ा मंच है। माय भारत की ओर से पात्र युवाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन करवाकर इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की गई है।