उपमुख्यमंत्री ने हरोली में 60 करोड़ की विकास परियोजनाओं की रखी आधारशिलाएं

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सड़क और खेल अधोसंरचना से जुड़ी लगभग 60 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं

Mar 23, 2026 - 11:50
 0  37
उपमुख्यमंत्री ने हरोली में 60 करोड़ की विकास परियोजनाओं की रखी आधारशिलाएं

जेजों मोड़–टाहलीवाल सड़क का होगा उन्नयन, रोड़ा में बनेगा सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक

यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना   23-03-2026

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सड़क और खेल अधोसंरचना से जुड़ी लगभग 60 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं। इन परियोजनाओं के साकार होने से क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

उपमुख्यमंत्री ने 48.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जेजों मोड़ से टाहलीवाल चौक वाया भाई का मोड़ सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना के अंतर्गत करीब साढ़े 17 किलोमीटर लंबे मार्ग का उन्नयन किया जाएगा। इसके साथ ही पालकवाह, कांगड़ और बढेड़ा खड्ड पर तीन पुलों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे मार्ग की वहन क्षमता बढ़ेगी तथा यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। 

इस सड़क के विकसित होने से औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा सीमावर्ती इलाकों को बेहतर संपर्क सुविधा प्राप्त होगी। इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री ने हरोली क्षेत्र के रोड़ा गांव में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के कार्य का भूमि पूजन किया। 

इस परियोजना के पूर्ण होने से ऊना जिला एथलेटिक्स प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा और खिलाड़ियों को आधुनिक तथा वैज्ञानिक प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली का रोड़ा क्षेत्र तेजी से विकास के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। 10 करोड़ रुपये के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के अलावा यहां ट्रैफिक पार्क, 5 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमैटिक टेस्टिंग सेंटर तथा करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य चल रहा है। 

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर रोड़ा क्षेत्र एक आधुनिक एवं विकसित नगर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी हरोली विशाल शर्मा,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, विनोद बिट्टू, अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, धर्मपाल चौधरी, संदीप अग्निहोत्री, वीरेंद्र मनकोटिया, सुरेखा राणा, सुभद्रा चौधरी, मेहताब ठाकुर, विकास विक्कू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow