राज्य कृषि विपणन बोर्ड का तत्काल गठन करे सरकार -एसआर कश्यप
कांग्रेस सेवा दल कसुम्पटी के मुख्य संगठक शक्त राम कश्यप ने प्रदेश सरकार से हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का तत्काल गठन करने की मांग की है। उन्होने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का गठन न होने के कारण किसानों और बागवानों को मिलने वाली अनेक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं
यंगवार्ता न्यूज शिमला, 3 जून, 2026 :
कांग्रेस सेवा दल कसुम्पटी के मुख्य संगठक शक्त राम कश्यप ने प्रदेश सरकार से हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का तत्काल गठन करने की मांग की है। उन्होने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का गठन न होने के कारण किसानों और बागवानों को मिलने वाली अनेक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। कृषि विपणन बोर्ड हमेशा किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा तथा उनकी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करता रहा है और यह संस्था सदैव लाभ की स्थिति में रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कृषि उपज के विपणन को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1969 को वर्ष 1972 में लागू किया गया था। यह अधिनियम कृषि उपज की खरीद-फरोख्त, भंडारण, प्रसंस्करण तथा अन्य विपणन गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य मंडी प्रबंधन में किसानों, बागवानों, व्यापारियों तथा कृषि विशेषज्ञों को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करना है, ताकि किसानों और बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य खुली बोली (ओपन ऑक्शन) के माध्यम से मिल सके। इसके अलावा अनधिकृत कटौतियों को समाप्त करना, बिचैलियों की भूमिका को कम करना तथा किसानों को दैनिक बाजार भाव की जानकारी उपलब्ध कराना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि किसानों, बागवानों एवं व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का गठन बिना किसी देरी के किया जाए, ताकि कृषि एवं बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोगों को अधिनियम के तहत मिलने वाली सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
What's Your Reaction?



