बड़सर में मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, कर्मचारियों-पेंशनर्स को एरियर का तोहफा; जल शक्ति विभाग में भरेंगे 4000 पद
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़सर में कर्मचारियों, पेंशनर्स और प्रदेश के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास में अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने भी प्रदेश निर्माण में बहुमूल्य सेवाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने से पहले पिछली सरकार प्रदेश पर वेतन एवं पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद वर्तमान सरकार अब तक कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को 2170 करोड़ रुपये से अधिक का वेतन एवं पेंशन एरियर जारी कर चुकी है।
कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसी माह मिलेगा एरियर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के Class-IV कर्मचारियों को वेतन एरियर के रूप में अतिरिक्त 20 हजार रुपये का भुगतान इसी माह किया जाएगा।
इसी तरह वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त Class-III पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को उनके पेंशन/पारिवारिक पेंशन एरियर का अतिरिक्त 35 प्रतिशत भुगतान इसी माह किया जाएगा।
वहीं Class-I एवं Class-II पेंशनर्स तथा पारिवारिक पेंशनर्स को उनके पेंशन/पारिवारिक पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत भुगतान भी इसी माह किया जाएगा। इन सभी एरियर भुगतानों पर सरकार लगभग 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
जल शक्ति विभाग में 4000 पद भरने की घोषणा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4000 पद भरने की भी घोषणा की। इससे विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर होने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
31 मार्च 2027 तक डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति नहीं
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी अहम घोषणा करते हुए कहा कि 31 मार्च 2027 तक प्रदेश में कोई भी डॉक्टर सेवानिवृत्त नहीं होगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?


