यंगवार्ता न्यूज शिमला 4 जुलाई, 2026 :
हिमाचल प्रदेश में लगातार एक सप्ताह तक बादल बरसने के आसार हैं। राज्य के पांच जिलों के लिए दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दाैरान कसौली में 55.0, मनाली 51.0, भटियात 45.3, धर्मपुर 42.4, सराहन 39.5, कोटखाई 31.1, सलूणी 26.2, जुब्बड़हट्टी 25.6, जोत चंबा 21.2, भरमौर 16.2 व भरवाईं में 14.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित कई अन्य भागों में रुक-रुक कर बारिश जारी है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 10 जुलाई तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 6 से 8 जुलाई तक राज्य के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं 6 और 7 जुलाई को पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी और शिमला के कुछ क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 6 जुलाई के लिए कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 7 जुलाई को भी हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 9 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।