पानी पीने के लिए रुके परिवार पर अचानक गिरी चट्टान, 1 महिला की मौत 7 घायल
मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुल्लू से सिमसा माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार रास्ते में पानी पीने के लिए रुका। इस दौरान अचानक पहाड़ी से एक चट्टान गिर गई। इस हादसे में 1 महिला की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।
यंगवार्ता न्यूज - मंडी 24 जुलाई, 2026 :
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कुल्लू से सिमसा माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार रास्ते में पानी पीने के लिए रुका था। इस दौरान अचानक एक चट्टान निचे गिर गई। जिससे बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में मृतक महिला की पहचान रामेश्वरी शर्मा, पत्नी गोपालकृष्ण, निवासी सुलतानपुर (कुल्लू) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सभी 7 लोगों को नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक परिवार के लोग 2 वाहनों में सवार होकर कुल्लू से मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे गुम्मा के पास सभी लोग प्राकृतिक जल स्रोत पर पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान पहाड़ी से चट्टान अचानक निचे गिर गई और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?



