शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 9वीं और 10वीं कक्षा के सिलेबस में करेगा बदलाव
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 9वीं और 10वीं कक्षा के सिलेबस में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। दोनों कक्षाओं का पूरा पाठ्यक्रम नए सिरे से तैयार किया जाएगा और नई किताबें भी छापी जाएंगी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 29-03-2026
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 9वीं और 10वीं कक्षा के सिलेबस में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। दोनों कक्षाओं का पूरा पाठ्यक्रम नए सिरे से तैयार किया जाएगा और नई किताबें भी छापी जाएंगी। यह पाठ्यक्रम एनसीईआरटी के तहत लागू होगा। शिक्षा बोर्ड के अनुसार नए सिलेबस को रट्टा प्रथा से हटाकर स्किल और व्यावहारिक आधारित बनाया जाएगा।
इस संबंध में विशेषज्ञों से चर्चा कर विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। शिक्षा बोर्ड इससे पहले चौथी से आठवीं कक्षा तक के सिलेबस में बदलाव कर चुका है और अब माध्यमिक कक्षाओं को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि पुराने और राष्ट्रीय स्तर पर लागू पाठ्यक्रम में अंतर के कारण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
एनसीईआरटी आधारित सिलेबस लागू होने से छात्रों को देशभर में एक समान शैक्षणिक ढांचा मिलेगा। इससे उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। नए पाठ्यक्रम में छात्रों का बोझ कम करने के साथ उनकी समझ को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
What's Your Reaction?




