पांवटा साहिब में हरित भविष्य की पहल: रोटरी क्लब और द स्कॉलर्स होम ने शुरू किया 'मियावाकी जंगल प्रोजेक्ट'
पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की दिशा में पांवटा साहिब में एक सराहनीय पहल की गई। रोटरी क्लब पांवटा साहिब और द स्कॉलर्स होम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में "मियावाकी जंगल प्रोजेक्ट" का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोटेरियंस, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - पांवटा साहिब, 25 जुलाई :
पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की दिशा में पांवटा साहिब में एक सराहनीय पहल की गई। रोटरी क्लब पांवटा साहिब और द स्कॉलर्स होम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में "मियावाकी जंगल प्रोजेक्ट" का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोटेरियंस, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश "आज पौधे लगाएं, बेहतर कल बनाएं" रहा। इस अवसर पर द स्कॉलर्स होम स्कूल के डायरेक्टर एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने बताया कि इस परियोजना के तहत जापानी मियावाकी तकनीक से कम समय में सघन एवं प्राकृतिक जंगल विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह तकनीक स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण कम करने में प्रभावी साबित हो रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. रीटा कालरा ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा अपनी जीवनशैली और खान-पान में सकारात्मक बदलाव अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रोटेरियन डॉ. संजय कालरा, मनीष जैन, रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष यशपाल धीमान, प्रोजेक्ट को-चेयरमैन राखी डांग, चैंबर ऑफ कॉमर्स से सतीश गोयल सहित क्लब के अनेक सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामुदायिक भागीदारी के साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर ऐसे अभियान चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन राहुल गर्ग ने किया।
समापन पर रोटरी क्लब पांवटा साहिब और द स्कॉलर्स होम स्कूल प्रबंधन ने मुख्य अतिथि डॉ. रीटा कालरा सहित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए हरित और स्वच्छ भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?



