प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सभी छात्रों को पीने के पानी के लिए दी जाएंगी स्टेनलेस स्टील की बोतलें
हिमाचल प्रदेश सरकार स्कूली बच्चों को सुरक्षित पीने के पानी के लिए स्टेनलेस स्टील की बोतलें वितरित करने जा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू की घोषणा के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के सभी छात्रों को ये बोतलें दी जाएंगी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 17-04-2026
हिमाचल प्रदेश सरकार स्कूली बच्चों को सुरक्षित पीने के पानी के लिए स्टेनलेस स्टील की बोतलें वितरित करने जा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू की घोषणा के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के सभी छात्रों को ये बोतलें दी जाएंगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने सभी जिला उपनिदेशकों (इलेमेंट्री एवं सेकेंडरी) को पत्र जारी कर इस संबंध में आवश्यक जानकारी मांगी है।
पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्री-प्राइमरी से 5वीं कक्षा, 6वीं से 8वीं कक्षा तथा 9वीं से 12वीं कक्षा तक के सभी लाभार्थी छात्रों को स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलें वितरित की जाएंगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना और बच्चों को सुरक्षित तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराना है।
राज्य सरकार पहले ही 500 मिलीलीटर तक की पेट (PET) पानी की बोतलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा चुकी है। स्टेनलेस स्टील की बोतलें प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पत्र में सभी उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने जिले में कार्यरत 143 ब्लॉक प्रोजेक्ट अधिकारियों की सूची, उनके मोबाइल नंबर, ईमेल पता, कुल छात्र संख्या (प्री-प्राइमरी से 12वीं तक) तथा आवश्यक बोतलों की संख्या की जानकारी 30 अप्रैल 2026 तक निदेशालय को उपलब्ध कराएं।
निदेशक, स्कूल शिक्षा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधीनस्थ संस्थानों से जानकारी एकत्र कर समयबद्ध रूप से प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि बोतलें समय पर सभी लाभार्थी छात्रों तक पहुंचाई जा सकें।
यह योजना पूरे राज्य के सरकारी स्कूलों में लागू होगी और छात्रों को सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध कराने में मदद करेगी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती यह पहल छात्रों में स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
What's Your Reaction?




