यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 14-09-2026
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आज नाहन में भी गणपति बप्पा की विधिवत स्थापना की गई। हिंदू आश्रम में नवयुवक मंडल की ओर से गणेश जी की प्रतिमा स्थापित कर गणेश उत्सव का शुभारंभ किया गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मीडिया से बात करते हुए नवयुवक मंडल के महामंत्री प्रदीप विज ने बताया कि आज हिंदू आश्रम में गणेश चतुर्थी के अवसर पर नवयुवक मंडल द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा विधिवत स्थापित की गई। पूजा-अर्चना के साथ गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। उन्होंने बताया कि नवयुवक मंडल पिछले 12 वर्षों से लगातार गणेश उत्सव का आयोजन करता आ रहा है। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गणेश उत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोगों को इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है। प्रदीप विज ने बताया कि 16 सितंबर को गणेश जी की प्रतिमा की नगर परिक्रमा करवाई जाएगी। इसके बाद प्रतिमा को पांवटा साहिब ले जाकर यमुना नदी में विधिवत विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।