प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया , मुख्यमंत्री इस्तीफा देकर नए चुनाव करवाएं : डॉ. राजीव बिंदल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड विजय ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश और आक्रोशित है। इन चुनाव परिणामों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को सीधा और स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता अब परिवर्तन चाहती है

Jun 3, 2026 - 19:42
Jun 3, 2026 - 20:09
 0  5
प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया , मुख्यमंत्री इस्तीफा देकर नए चुनाव करवाएं : डॉ. राजीव बिंदल

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन  03-06-2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड विजय ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश और आक्रोशित है। इन चुनाव परिणामों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को सीधा और स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता अब परिवर्तन चाहती है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश का युवा, बेरोजगार, किसान, बागवान, कर्मचारी, व्यापारी, सेवानिवृत्त वर्ग और समाज का हर वर्ग आज कांग्रेस सरकार की नीतियों से परेशान है। यही जनाक्रोश चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है। 
नगर निगम चुनावों में भाजपा ने चार में से तीन नगर निगमों में दो-तिहाई बहुमत के साथ शानदार विजय प्राप्त की, वहीं जिला परिषदों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने व्यापक जनसमर्थन हासिल कर अपना दबदबा स्थापित किया है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय भाजपा की नहीं बल्कि जनविश्वास, जन आक्रोश और जनादेश की विजय है। जनता ने विकास, सुशासन और जवाबदेही के पक्ष में मतदान किया है तथा कांग्रेस सरकार की विफलताओं को नकार दिया है। डॉ. बिंदल ने सिरमौर जिला का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने 17 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। यह पहली बार है जब सिरमौर जिला परिषद में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता मिली है। कांग्रेस केवल तीन सीटों तक सिमट गई जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। 
उन्होंने कहा कि सिरमौर की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह वर्तमान सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के प्रभाव क्षेत्रों में भाजपा की बड़ी जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। जिन क्षेत्रों को कांग्रेस अपना मजबूत गढ़ मानती थी, वहां भी जनता ने भाजपा को भारी समर्थन देकर सत्ता के अहंकार को जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है, कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हैं, पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है, शिक्षा व्यवस्था संकट में है और अनेक संस्थानों पर ताले लगाने की नौबत आ गई है। जनता इन सब परिस्थितियों को देख रही है और उसका असर चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए गए अपने वादों और गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। 
महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों से किए गए वादे अधूरे हैं। इसी कारण प्रदेश की जनता ने इन चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों के परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और अब सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार भी नहीं रखती। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल इस्तीफा दें और प्रदेश में नए विधानसभा चुनाव करवाने का मार्ग प्रशस्त करें ताकि जनता अपने मत से नई सरकार का गठन कर सके। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के विश्वास के लिए प्रदेशवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करती है और विकास, सुशासन तथा जनसेवा के संकल्प के साथ आगे भी जनता के बीच कार्य करती रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow