यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 14-01-2026
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार को अभी अध्यक्ष बने हुए एक महीना भी नहीं हुआ कि पार्टी के ही एक कार्यकर्ता ने पीसीसी अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यही नहीं रेणुका निर्वाचन क्षेत्र के विधायक विनय कुमार पर विकासखंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत अंधेरी के पूर्व प्रधान और रेणुका जी कांग्रेस मंडल के उपाध्यक्ष व कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष रह चुके जगत सिंह ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जगत सिंह ठाकुर ने कहा कि गत दिनों हरिपुरधार में हुए सड़क हादसे के लिए क्षेत्र की बदहाल सड़के जिम्मेदार है।
जगत सिंह ठाकुर ने कहा कि रेणुका निर्वाचन क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों की बदहाली किसी से छुपी नहीं है। उन्होंने सड़कों की बदहाली , शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों में अधिक पड़े पदों और सुविधाएं न होने के लिए स्थानीय विधायक और पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार को खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि रेणुका जी निर्वाचन क्षेत्र में पिछले 45 वर्षों से एक ही परिवार का वर्चस्व रहा है। यदि विकास की बात करें तो रेणुका निर्वाचन क्षेत्र का विकास अन्य निर्वाचन क्षेत्र की अपेक्षा बहुत पीछे है। जगत सिंह ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में स्थानीय विधायक विनय कुमार के पास लोक निर्माण विभाग का जिम्मा था , लेकिन उस दौरान भी उन्होंने रेणुका जी निर्वाचन क्षेत्र की सड़कों की सुध नहीं ली।
आलम यह है कि रेणुका जी निर्वाचन क्षेत्र जिला सिरमौर का ऐसा एकमात्र निर्वाचन क्षेत्र है जहां से कोई भी नेशनल हाईवे नहीं गुजरता है। यदि पांवटा साहिब , नाहन पच्छाद और शिलाई निर्वाचन क्षेत्र की बात करते हैं तो सभी हल्के नेशनल हाईवे से जुड़े हैं। रेणुका विधानसभा क्षेत्र एकमात्र ऐसा इलाका है जहां से कोई भी नेशनल हाईवे नहीं गुजरता है। इसके लिए स्थानीय विधायक और पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार जिम्मेदार है। जगत सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करते हैं तो सरकार ने हरिपुरधार में रेफरल चिकित्सालय तथा संगड़ाह को आदर्श चिकित्सालय का दर्जा तो दिया है , लेकिन सुविधाओं के नाम पर केवल मात्र इन संस्थानों में बोर्ड लटके हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि हरिपुरधार , नौहराधार और संगड़ाह में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं होती तो हरिपुरधार बस हादसे में जो लोग बेमौत मारे गए हैं उनमें से कई लोगों को बचाया जा सकता था। उन्होंने इसके अलावा स्थानीय विधायक पर क्षेत्र में छुआछूत को बढ़ावा देने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया को जारी एक वीडियो में जगत सिंह ठाकुर ने कहा कि रेणुका निर्वाचन क्षेत्र में छुआछूत और जातिबाद से जुड़े सर्वाधिक एट्रोसिटी के मामले दर्ज हुए हैं , जबकि अन्य क्षेत्रों में ऐसी स्थिति नहीं है। पीसीसी अध्यक्ष पर लगाए गए आरोपी को लेकर जब यंगवार्ता न्यूज़ में पीसीसी अध्यक्ष से संपर्क करना चाह तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। यदि पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार का पक्ष आता है तो यंगवार्ता न्यूज़ उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।