यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 16-04-2026
हिमाचल प्रदेश की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर द्वारा सैनिकों की पत्नी और गर्लफ्रेंड को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। मामले ने तूल पकड़ते ही पुलिस ने आरोपी इन्फ्लुएंसर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार इन्फ्लुएंसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उसने सेना के जवानों के परिवारों को लेकर विवादित बयान दिया था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। कई जगहों पर विरोध भी दर्ज कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जरूरत पड़ने पर आरोपी से पूछताछ भी की जाएगी। गौर हो कि नौहराधार तहसील के देवा मानल गांव की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर पर भारतीय सेना के जवानों पर टिप्पणी करने का आरोप है। इस वीडियो के वायरल होने पर देशभर से प्रतिक्रिया आने लगी तो इशिता ने अपने फेसबुक पेज से इसे डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक यह वीडियो सैकड़ों बार बार शेयर हो चुका था तथा कई लोगों ने इसे डाउनलोड कर सबूत के तौर पर रख लिया। इसके बाद इशिता पुंडीर ने एक अन्य वीडियो बनाकर फौजियों से माफी भी मांगी। वीरवार को राजगढ़ पुलिस थाना में पहुंचकर भूतपूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ के पदाधिकारियों ने इशिता पुंडीर द्वारा फौजियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही इशिता पुंडीर के अकाउंट की भी जांच की मांग की। रिटायर्ड नायब सूबेदार बृजमोहन ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि इशिता पुंडीर के अधिक फॉलोअर्स पाकिस्तान तथा बांग्लादेश से हैं।
उन्हें आशंका है कि देश के फौजियों को बदनाम करने के लिए इशिता पुंडीर ने यह वीडियो किसी आईएसआई एजेंट के कहने पर बनाया हो। उन्होंने पुलिस तथा सरकार से इशिता पुंडीर के बैंक अकाउंट की भी जांच करने की मांग की। आरोप है कि इशिता इससे पहले भी कई विवादित पोस्ट कर चुकी हैं। हाल ही में इशिता पुंडीर ने अपने एक वीडियो में कहा था कि “फौजी देश और भारत माता के लिए तो लॉयल हो सकते हैं, लेकिन 90 प्रतिशत से ज्यादा फौजी अपनी पत्नी या गर्लफ्रेंड के लिए लॉयल नहीं होते।” जब फौजी छुट्टियों में घर आते हैं, तो वह चार-पांच गर्लफ्रेंड के साथ घूमते हैं। इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गईं। एक यूज़र ने लिखा इशिता पुंडीर बोला उतना करो जो बाद में डिलीट न करने पड़े, सैनिकों पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।
हालांकि, इसके बावजूद लोगों का गुस्सा कम होता नजर नहीं आ रहा है। कई लोग अब भी कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। देश के सैनिकों के सम्मान से जुड़ा यह मामला केवल एक बयान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की उस संवेदनशीलता को भी दिखाता है , जहां जवानों के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाता। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रत्येक पहलू की जांच कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मर्यादा बनाए रखें और किसी भी वर्ग या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान देने से बचें। इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी और अभिव्यक्ति की सीमाओं को लेकर बहस छेड़ दी है।