यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब 05-06-2026
सिरमौर में पुलिस जवान के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सिरमौर भी खुलकर सामने आ गई है। एसोसिएशन ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
मीडिया से बात करते हुए पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने बताया कि आज कि बैठक में विशेष तौर पर पांवटा साहिब में पुलिस जवान के साथ एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई मारपीट मामले पर गहरा रोष व्यक्त किया गया और मामले को लेकर कड़े शब्दों में निंदा की। बैठक के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
एसोसिएशन का कहना है कि ड्यूटी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला न केवल एक व्यक्ति पर हमला है बल्कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बैठक के दौरान पेंशनर से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा की गई जिनको सरकार के समक्ष रखा जाएगा।