स्कूल समय बाद जनगणना ड्यूटी को तैयार नहीं शिक्षक, करेंगे बहिष्कार

हिमाचल प्रदेश के शिक्षकों ने स्कूल समय के बाद जनगणना ड्यूटी लगाए जाने के निर्णय का विरोध किया है। ज्वाइंट टीचर्स फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे। यह निर्णय चंबा, कुल्लू और हमीरपुर जिलों के उपायुक्तों द्वारा जारी निर्देशों के बाद आया है।

Jun 12, 2026 - 14:23
 0  6
स्कूल समय बाद जनगणना ड्यूटी को तैयार नहीं शिक्षक, करेंगे बहिष्कार

यंगवार्ता न्यूज शिमला 12 जून, 2026 : 

हिमाचल प्रदेश के शिक्षकों ने स्कूल समय के बाद जनगणना ड्यूटी लगाए जाने के निर्णय का विरोध किया है। ज्वाइंट टीचर्स फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे। यह निर्णय चंबा, कुल्लू और हमीरपुर जिलों के उपायुक्तों द्वारा जारी निर्देशों के बाद आया है। फेडरेशन ने इसे शिक्षा और कर्मचारी हितों के विरुद्ध बताया है। फेडरेशन के राज्य अध्यक्ष अजय नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने एक वर्चुअल बैठक के बाद वीरवार को संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनावों में लगभग एक माह तक चुनावी दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य पहले ही प्रभावित हुआ है। शिक्षकों पर परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि जैसे अन्य प्रशासनिक कार्यों का भी लगातार दबाव है। ऐसे में विद्यालय समय के बाद जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य का अतिरिक्त दायित्व सौंपना अव्यावहारिक और अनुचित है। पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे दिन अध्यापन कार्य के बाद जनगणना कार्य करवाना शिक्षकों की कार्यक्षमता को प्रभावित करेगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता और जनगणना कार्य की प्रभावशीलता दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
 
प्रदेश के अनेक शिक्षक दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत हैं। विद्यालय समय समाप्त होने के बाद जनगणना कार्य के लिए अतिरिक्त यात्रा करना उनके लिए कठिन होगा। इससे परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक दायित्वों से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होंगी। विशेष रूप से महिला शिक्षकों के लिए यह व्यवस्था अधिक चुनौतीपूर्ण होगी। उन कर्मचारियों को भी परेशानी होगी जिन पर छोटे बच्चों या बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल की जिम्मेदारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow