देहरा बस स्टैंड पर बैक हो रही बस की चपेट में आई महिला, दोनों टांगें कुचलीं
कांगड़ा जिले के देहरा बस स्टैंड पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला की दोनों टांगें बुरी तरह से कुचल गई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए महिला को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया है।
यंगवार्ता न्यूज - कांगड़ा 25 जुलाई, 2026 :
घायल महिला की पहचान 55 वर्षीय सुषमा देवी (पत्नी मस्त राम) के रूप में हुई है, जो देहरा के सिहोटी खुर्द की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार, सुषमा देवी अपने पति के साथ किसी काम से देहरा ब्लॉक कार्यालय आई हुई थी। उनके पति मस्त राम ग्राम पंचायत सिहोटी खुर्द के वार्ड पंच हैं। काम खत्म करने के बाद वे वापस लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एचआरटीसी की बस ( एचपी 36सी-4843) देहरा से बड़ोह रूट पर जाने के लिए तैयार थी। बस देहरा डिपो से निकलकर बस स्टैंड पहुंची और अपने निर्धारित स्टैंड पर बैक हो रही थी। क्योंकि यह एक ग्रामीण रूट की बस थी, इसलिए बस को देखते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ लग गई। इसी आपाधापी के बीच सुषमा देवी बस के कंडक्टर साइड वाले अगले टायर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी दोनों टांगें बुरी तरह कुचल गईं।
हादसे के तुरंत बाद बस स्टैंड पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और एचआरटीसी कर्मचारियों ने तुरंत महिला को उठाया और सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए बस के चालक, परिचालक और मौके पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।
What's Your Reaction?



