यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब 11-04-2026
पांवटा साहिब क्षेत्र के करतारपुर मुगलवाला पंचायत के गांव बालीवाला में उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 30 बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल अचानक आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। इस घटना से स्थानीय किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है , लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट से हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अधिकांश फसल जल चुकी थी। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने मौके का जायजा लिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी। तहसीलदार पांवटा साहिब मस्त राम भारद्वाज और पटवारी दर्शन सिंह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। किसानों का कहना है कि यह उनकी साल भर की मेहनत थी , जो कुछ ही समय में नष्ट हो गई।
किसानों ने सरकार से राहत और उचित सहायता प्रदान करने की अपील की है। बताते है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की ढीली तारों में अचानक स्पार्किंग होने से 20 से 30 बीघा भूमि पर तैयार खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से किसानों की महीनों की कड़ी मेहनत पल भर में स्वाहा हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए तहसीलदार वेद प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 20 से 30 बीघा जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल जल गई है। उन्होंने मौके पर लटकती बिजली की तारों की स्थिति को देखते हुए आग लगने का मुख्य कारण स्पार्किंग ही माना जा रहा है।
उन्होंने पटवारी को निर्देश दे दिए गए हैं कि प्रभावित किसानों के जले हुए रकबे के अनुसार विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रशासन को सौंपी जाए , ताकि राहत प्रक्रिया शुरू की जा सके। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया है कि नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और राजस्व विभाग के मैनुअल के अनुसार सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।