बडू साहिब घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल, सरकार तुरंत सख्त सुरक्षा नियम लागू करे — अभाविप
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैन्सी अटल ने बयान जारी करते हुए कहा कि सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित गर्ल्स एटरनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाए जाने की घटना अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैन्सी अटल ने बयान जारी करते हुए कहा कि सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित गर्ल्स एटरनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं के शौचालय में वीडियो बनाए जाने की घटना अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। जिस विश्वविद्यालय को बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और संस्कारों का केंद्र माना जाता है, वहां इस प्रकार की घटना होना प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
नैन्सी अटल ने कहा कि छात्राओं की सतर्कता के कारण आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया, अन्यथा यह मामला दब भी सकता था। यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि छात्राओं की गरिमा, निजता और सुरक्षा पर सीधा हमला है। एबीवीपी मांग करती है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि प्रदेशभर में एक स्पष्ट संदेश जाए कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में केवल सुरक्षा व्यवस्था ही नहीं बल्कि छात्राओं को उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। हाल ही में छात्राओं द्वारा मेस में दिए जा रहे भोजन में कीड़े एवं अन्य अस्वच्छ व असेवनीय पदार्थ पाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जो प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
नैन्सी अटल ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रावासों की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लगातार अनदेखा नहीं कर सकती। प्रदेश सरकार को तत्काल सख्त सुरक्षा नियम लागू करने चाहिए, सभी शिक्षण संस्थानों में कर्मचारियों का पूर्ण सत्यापन, महिला सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य करनी चाहिए। साथ ही छात्रावासों और मेस व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
एबीवीपी ने मांग की है कि आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जाए तथा यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल न हो। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नैन्सी अटल ने कहा कि यदि इस मामले में प्रशासन ने लापरवाही बरती या दोषियों को बचाने का प्रयास किया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
What's Your Reaction?



