यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 14-09-2026
भाषा एवं संस्कृति विभाग, जिला सिरमौर विभाग हिंदी भाषा के प्रचार -प्रसार तथा हिंदी साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित करता आ रहा है। राजभाषा पखवाड़े के अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग , जिला सिरमौर ने डाइट नाहन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्ज्वल और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ हुआ। भाषा एवं संस्कृति विभाग के जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान भाषण , स्वरचित कविता पाठ एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में सिरमौर जिले के 28 विद्यालयों के 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉईट के उप प्रधानाचार्य डॉ आईडी राही ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारे लिए केवल एक भाषा ही नहीं है , बल्कि यह हमारी संस्कृति , पहचान और संस्कारों की अमिट अभिव्यक्ति है। हमारी एकता और अखंडता की पहचान है। वर्तमान समय में लोग पश्चिमी सभ्यता की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। इसके चलते भाषा एवं संस्कृति विभाग हर वर्ष विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन करने के लिए प्रयासरत रहता है। भाषण प्रतियोगिता में जिला भर के 24 बच्चों ने भाग लिया। काव्या सिन्हा प्रवक्ता हिंदी डॉ ईट , डॉ दलीप वशिष्ट शास्त्री रावमावि कोलावाला भूड़ , अनंत आलोक रावमावि कमलाहड़ ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
जिसमें एकेएम पब्लिक स्कूल ददाहू के वर्णिका ने प्रथम स्थान , रावमावि चौरास के सान्या ने द्वितीय स्थान शिशु विद्या निकेतन नाहन के शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में रावमावि कालाअम्ब संध्या ने प्रथम स्थान , पीएम श्रीरावमावि पाठशाला नाहन की पावनी तोमर एवं हर श्री नाथ विद्या निकेतन उच्च विद्यालय जमटा के विमल ने सयुंक्त रूप से द्वितीय स्थान , रावमावि चाकली की आरुषि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।स्वरचित कविता पाठ में जिलाभर के 16 बच्चों ने भाग लिया जिसमें हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार अनंत आलोक, डॉ दलीप वशिष्ठ एवं श्री दीप राज विश्वास ने निर्णायक की भूमिका निभाई। रा कन्या व मा पाठशाला नाहन की दिव्या चौहान प्रथम , एके एम पब्लिक स्कूल ददाहू की रिया पॉल द्वितीय तथा रावमा विद्यालय माजरा की कृतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर राजभाषा पुरस्कार भी वितरित किए गए। पशु स्वास्थ्य / प्रजनन कार्यालय जिला सिरमौर के उप निदेशक डॉ राजीव वालिया को हिंदी सेवा सम्मान 2026 के अधिकारी वर्ग में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आरक्षी लुकेश कुमार को हिंदी सेवा सम्मान 2026 के कर्मचारी वर्ग में सम्मानित किया गया तथा उत्कृष्ट कार्यालय के लिए उपनिदेशक स्कूल शिक्षा माध्यमिक, जिला सिरमौर, हि प्र कार्यालय को सम्मानित किया गया। अंत में सभी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों एवं निर्णायक मंडल को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।