2 अक्टूबर से मनाली से शुरू होगी 600 किमी की ‘सवर्ण समाज अश्वमेध न्याय यात्रा’: रूमित सिंह ठाकुर
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने अपने चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में ‘हिमाचल मांगे तीसरा विकल्प–सवर्ण समाज अश्वमेध न्याय यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर ने कालीबाड़ी मंदिर शिमला से यात्रा की घोषणा करते हुए बताया कि करीब 600 किलोमीटर लंबी पदयात्रा 2 अक्टूबर 2026 को मनाली के सोलंगनाला से शुरू होकर 22 अक्टूबर को शिमला सचिवालय पहुंचेगी।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 22 सितंबर :
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने अपने चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में ‘हिमाचल मांगे तीसरा विकल्प–सवर्ण समाज अश्वमेध न्याय यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर ने कालीबाड़ी मंदिर शिमला से यात्रा की घोषणा करते हुए बताया कि करीब 600 किलोमीटर लंबी पदयात्रा 2 अक्टूबर 2026 को मनाली के सोलंगनाला से शुरू होकर 22 अक्टूबर को शिमला सचिवालय पहुंचेगी।
पार्टी के अनुसार यात्रा का नेतृत्व रूमित सिंह ठाकुर करेंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष अमर चंद ठाकुर की अध्यक्षता में इसका आयोजन होगा। पार्टी ने दावा किया है कि देश के विभिन्न राज्यों से सवर्ण समाज के प्रतिनिधि और नेता भी इस यात्रा में शामिल होंगे।
यात्रा में रहेगा अश्वमेध का घोड़ा
पार्टी अध्यक्ष के अनुसार यात्रा की एक प्रमुख विशेषता यह होगी कि अश्वमेध का वास्तविक घोड़ा पूरी पदयात्रा के दौरान साथ रहेगा। प्रत्येक दिन निर्धारित पड़ाव पर रात्रि विश्राम किया जाएगा तथा शाम के समय मशाल यात्रा निकालकर स्थानीय लोगों से संवाद किया जाएगा। यात्रा के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाने की बात पार्टी ने कही है।
इन मुद्दों को लेकर निकलेगी यात्रा
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अनुसार यात्रा के दौरान UGC रोलबैक, सवर्ण आयोग को एक्ट के रूप में लागू करने, आर्थिक आधार पर आरक्षण, समानता का अधिकार, SC-ST Atrocity Act में संशोधन, SC-ST में क्रीमीलेयर व्यवस्था, बेरोजगारी, नशे और सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई, किसानों-बागवानों की समस्याएं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, सड़कों की स्थिति तथा बढ़ते अपराध जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।
इसके अलावा पार्टी ने हिमाचल में सनातन बोर्ड के गठन, गौ माता को राज्य माता का दर्जा, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि बंद करने और प्रदेश के बढ़ते आर्थिक कर्ज जैसे मुद्दों को भी यात्रा में शामिल किया है।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर शिकायत बॉक्स लगाए जाएंगे। पार्टी के अनुसार स्थानीय लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लिखित रूप में इन बॉक्स के माध्यम से पार्टी तक पहुंचा सकेंगे।
मनाली से शिमला तक यह रहेगा यात्रा मार्ग
-
2 अक्टूबर: सोलंगनाला मनाली से परिणी मनाली
-
3 अक्टूबर: परिणी मनाली से कुल्लू
-
4 अक्टूबर: कुल्लू से ओट
-
5 अक्टूबर: ओट से मंडी सदर
-
6 अक्टूबर: मंडी से पधर
-
7 अक्टूबर: पधर से जोगिंद्रनगर
-
8 अक्टूबर: जोगिंद्रनगर से बैजनाथ
-
9 अक्टूबर: बैजनाथ से पालमपुर
-
10 अक्टूबर: पालमपुर से कांगड़ा
-
11 अक्टूबर: कांगड़ा से बनखंडी, देहरा
-
12 अक्टूबर: बनखंडी से ज्वालाजी
-
13 अक्टूबर: ज्वालाजी से हमीरपुर
-
14 अक्टूबर: हमीरपुर से घुमारवीं
-
15 अक्टूबर: घुमारवीं से बिलासपुर-नौणी
-
16 अक्टूबर: नौणी से दाड़लाघाट
-
17 अक्टूबर: दाड़लाघाट से कुनिहार
-
18 अक्टूबर: कुनिहार से धर्मपुर
-
19 अक्टूबर: धर्मपुर से सोलन
-
20 अक्टूबर: सोलन से शोघी
-
21 अक्टूबर: शोघी से तारादेवी
-
22 अक्टूबर: तारादेवी से शिमला सचिवालय
पार्टी ने बताया कि UGC रोलबैक की मांग को लेकर प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है और यात्रा के दौरान इसके समर्थन को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
22 अक्टूबर को सौंपा जाएगा ज्ञापन
पार्टी के अनुसार 22 अक्टूबर को यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजने की योजना है। इसमें यात्रा के दौरान उठाए गए मुद्दों के साथ UGC रोलबैक की मांग और हस्ताक्षर अभियान का समर्थन शामिल किया जाएगा।
पार्टी ने बताया कि यात्रा में महिपाल सिंह मकराना, यू.एस. राणा, ठाकुर पूर्ण सिंह और राजेंद्र नरूका सहित देशभर से सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंवाद करना, लोगों की समस्याएं एवं सुझाव सामने लाना तथा पार्टी के घोषित मुद्दों को जनता के बीच ले जाना है। पार्टी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लाने का लक्ष्य लेकर संगठन के पदाधिकारी, जिला व मंडल अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, कार्यकर्ता और अन्य सदस्य यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
What's Your Reaction?
