कंगना रनौत की कथित टिप्पणी पर जनवादी महिला समिति का विरोध, माफी की मांग
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एआईडीडब्ल्यूए) जिला कमेटी ने सांसद कंगना रनौत की छात्राओं और महिलाओं को लेकर कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो छात्राओं और महिलाओं को संगठित कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 29 जुलाई :
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एआईडीडब्ल्यूए) जिला कमेटी ने सांसद कंगना रनौत की छात्राओं और महिलाओं को लेकर कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो छात्राओं और महिलाओं को संगठित कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जिला सचिव सोनिया शबरवाल ने जारी बयान में कहा कि सांसद कंगना रनौत द्वारा लड़कियों को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी और लिव-इन रिलेशन को लेकर दिए गए कथित बयान बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया में बयान सामने आने के बाद सांसद अपनी टिप्पणी से पल्ला झाड़ते हुए मीडिया को ही दोषी ठहरा रही हैं।
सोनिया शबरवाल ने कहा कि जनवादी महिला समिति छात्राओं और महिलाओं के सम्मान से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को महिलाओं और छात्राओं के संबंध में अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सांसद का व्यवहार और विचार सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं तथा वे समय-समय पर महिलाओं के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां करती रही हैं।
जनवादी महिला समिति ने मांग की है कि भाजपा सांसद कंगना रनौत अपने कथित बयान के लिए देश की सभी छात्राओं और महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। समिति ने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो संगठन व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करेगा।
What's Your Reaction?