जम्मू-कश्मीर के रामबन में गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन,हादसे में वाहन में सवार तीन जवानों की मौत

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सेना के एक वाहन के गहरे खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन जवानों की मौके पर ही मौत

May 4, 2025 - 16:27
 0  107
जम्मू-कश्मीर के रामबन में गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन,हादसे में वाहन में सवार तीन जवानों की मौत
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

न्यूज़ एजेंसी - रामबन    04-05-2025

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सेना के एक वाहन के गहरे खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब यह वाहन सेना के एक काफिले का हिस्सा था और अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी रामबन कुलबीर सिंह ने बताया, “यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है। सेना के काफिले में शामिल एक वाहन का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वह वाहन लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में तीन लोग सवार थे और दुर्भाग्यवश तीनों की मौत हो गई है।”

हादसे के तुरंत बाद पुलिस, QRT (क्विक रिएक्शन टीम), सेना और CRPF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, खाई की गहराई और इलाके की भौगोलिक कठिनाइयों के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

एसएसपी ने आगे बताया, “हम शवों को ऊपर लाने की कोशिश कर रहे हैं। यह एक कठिन इलाका है, लेकिन टीमें लगातार काम कर रही हैं। हादसे के कारणों की प्राथमिक जांच में एक संभावित तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। 

एसएसपी कुलबीर सिंह ने बताया, “जब हमने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां एक नट-बोल्ट मिला, जो संभवतः स्टीयरिंग व्हील से गिरा हुआ था। प्रारंभिक रूप से ऐसा लगता है कि चालक स्टीयरिंग की खराबी के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा।”

इस दर्दनाक घटना ने सेना और स्थानीय प्रशासन दोनों को झकझोर दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान और उनके पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक निकालने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच की संभावना भी जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow