फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट नाहन इकाई की बैठक सम्पन्न, पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय
फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट की नाहन इकाई की बैठक आज संगठन के नाहन स्थित कार्यालय वर्मा हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नाहन इकाई के महासचिव दलीप सिंह ने की। बैठक में जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा तथा संस्थापक सदस्य डॉ. दीनदयाल वर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
यंगवार्ता न्यूज नाहन, 24 जुलाई, 2026 :
फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट की नाहन इकाई की बैठक आज संगठन के नाहन स्थित कार्यालय वर्मा हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नाहन इकाई के महासचिव दलीप सिंह ने की। बैठक में जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा तथा संस्थापक सदस्य डॉ. दीनदयाल वर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारम्भ में संगठन के दिवंगत सलाहकार स्वर्गीय नसीम मोहम्मद दीदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण तथा संगठन को सशक्त बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान दो स्थानों जमटा रेंज तथा नाहन रेंज के आम वाला में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नाजर खान को संयोजक तथा हिमेश चौहान को सह-संयोजक नियुक्त किया गया।
सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन अपना मुखपत्र "अरण्य मित्र" शीघ्र प्रकाशित करेगा, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा जन-जागरूकता से संबंधित गतिविधियों और विचारों को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन सिरमौर जिले में युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण शिक्षा एवं जागरूकता का विशेष अभियान चलाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना को सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर रविंद्र कुमार, बाबू राम पुंडीर, राजेंद्र कुमार तथा संगठन मंत्री अरुण वालिया सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा एवं संस्थापक सदस्य डॉ. दीनदयाल वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना पूरे समाज का दायित्व है। प्रकृति की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी तथा सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
What's Your Reaction?



